The wife had made the farmer Ram Magan murdered
- फोटो : KAUSHAMBI
पूरामुफ्ती कोतवाली के मंदर बाजार में 12 सितंबर को गोली मारकर की गई राम मगन सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मृतक की पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर भाड़े के शूटरों को पांच लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी सहित उसके प्रेमी और सुपारी लेने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर आशुतोष तिवारी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पिपरी कोतवाली के अकबरपुर मिर्जापुर निवासी किसान राम मगन सिंह अपने पिता हीरा लाल का इकलौता बेटा था।
छह महीने पहले पिता की मौत के बाद वह सारी संपत्ति का वारिस हो गया था। राममगन की पत्नी रूमा देवी का उसके मायके नोहरी का पूरा थाना चरवा के रहने वाले बलराम पटेल उर्फ आशीष कुमार से अवैध संबंध था। राममगन को पत्नी के अवैध संबंधों के बारे में जानकारी थी।
वह पत्नी की इस हरकत का विरोध करता था। प्रेम संबंध में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची और भाड़े के शूटरों को पांच लाख की सुपारी दी गई। 12 सितंबर को राममगन ट्रैक्टर लेकर पाइलिंग करने के लिए पूरामुफ्ती गया था। उसके साथ मे उसका भतीजा राजेंद्र उर्फ मिट्ठू भी था।
वह मंदर की तरफ से अपने घर अकबरपुर लौट रहा था, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने राममगन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। मामले की छानबीन में जुटी पूरामुफ्ती पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित उसके रिश्तेदारों का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया तो हत्या की सारी गुत्थी सुलझ गई।
हिरासत में ली गई मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने हत्या की साजिश रचने का जुर्म कुबूल करते हुए भाड़े के शूटरों के साथ ही पूरी कहानी पुलिस को बताई। सोमवार को पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी व सुपारी लेने वाले शूटर शिवम उर्फ शशि कोरी, अनूप कुमार भारतीय व शालू कुमार उर्फ घूरे पासी निवासीगण लाहूरपर थाना पूरामुफ्ती प्रयागराज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।