कोखराज कोतवाली के हर्रायपुर चौराहा स्थित एक सराफा की दुकान में शुक्रवार को ग्राहक बनकर आए दो बदमाशों ने सोने की झूमके का डिब्बा पार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान में लगी सीसीटीवी का फुटेज लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
हर्रायपुर चौराहे पर दिनेश सोनी न सराफ की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार दोपहर बाइक सवार दो युवक उसके यहां पहुंचे। वह लोग उससे झूमके दिखाने के लिए कहने लगे। दिनेश ने उनके सामने कई झूमके रखे। इसके बाद उन लोगों ने और डिजाइन दिखाने को कहा। दिनेश जैसे ही दूसरे झूमके निकलने के लिए उठा तभी वह लोग पहले से रखे झूमके का डिब्बा लेकर तेजी से बाहर की ओर भागे।
यह देख दिनेश भी बाहर भागा और शोर मचाने लगा। जब तक लोग जुटते, इससे पहले दोनों बदमाश बाइक से इमामगंज की तरफ भाग निकले। दिनेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि झूमके करीब 60 ग्राम वजनी थे। जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख थी। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।