अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से किशोर की मौत, तीन घायल
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के नेवादा गांव के समीप हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नेवादा। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के नेवादा गांव के समीप सोमवार शाम बाइक सवार को बचाने में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उस पर सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक सहित तीन लोग घायल होग। हादसे से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
पिपरी के जवई गांव का अट्टू (15) पुत्र अलगू मजदूरी करता था। उसका पड़ोसी हजारी ट्रैक्टर चालक है। बगल के ही भीम व लवकुश भी श्रमिक हैं। सोमवार सुबह यह सभी बिगहरा स्थित भट्ठे से ईंट लादकर झलवा (प्रयागराज) गए थे। शाम को लौटते वक्त नेवादा भैरव बाबा मंदिर के समीप अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे नीचे दबने से अट्टू की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लोग अट्टू को भी अस्पताल ले गए थे। वहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।