कोखराज कोतवाली के सिहोरी गांव में सोमवार दोपहर दुकान से सिगरेट चोरी करने का आरोप लगाकर दुकानदार व उसके साथी ने किशोर को कमरे में कैद कर रस्सी से हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा। शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
रामआसरे ने बताया कि उनका नाती रामऔतार (12) सोमवार दोपहर गांव के ही गुड्डू के किराना की दुकान की तरफ गया था। इस बीच गुड्डू व उसके साथी अर्सलान ने रामऔतार पर सिगरेट चोरी का आरोप लगाते हुए पीटना शुरू कर दिया। उसने चोरी से इन्कार किया।
बावजूद, रामऔतार को दोनों कमरे में ले गए और हाथ-पैर रस्सी से बांधकर चुल्ले के सहारे उल्टा लटका दिया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की। कुछ लोगों ने देखा तो परिवार वालों को जानकारी दी, परिजन व कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह बच्चे को छुड़ाया। रामआसरे ने जख्मी रामऔतार को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस से शिकायत की।
.................
पीड़ित परिजनों की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। - चंद्रभूषण मौर्य, थानाध्यक्ष कोतवाली