कोखराज। संदीपनघाट कोतवाली के सकाढ़ा मोड़ के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूल वैन में टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार छह बच्चे घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया। भाग रहे बस चालक को ग्रामीणों ने वाहन समेत पकड़ लिया। चालक को पीट कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। ग्रामीणों की पुलिस से भी नोकझोंक हुई।
जेपी काॅन्वेंट स्कूल मूरतगंज की वैन शनिवार की दोपहर बच्चों को लेकर धन्नी सकाढ़ा गांव जा रही थी। सकाढ़ा मोड़ के करीब कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने वैन में टक्कर मार दी, जिससे बच्चे वैन से बाहर छिटक गए। हादसे में धन्नी सकाढ़ा निवासी मो. गौस (8) पुत्र शकीलबुल हसन, अब्दुल अहमद (7) पुत्र कुतुबउद्दीन, तजीम (8), सुमानी उर्फ हनी (7) पुत्री शहजान, आलीशान (8), उम्मेहमी (7) समेत छह बच्चे घायल हो गए। वैन सवार अन्य आधा दर्जन बच्चों को भी चोटें आईं।
मौके पर चीखपुकार से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चों को सीएचसी मूरतगंज पहुंचाया। जहां से जख्मी मो. गौस, तजीम, अब्दुल व सुमानी की हालत गंभीर देख एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया। ग्रामीण हाईवे पर मोड़ के समीप बने ब्रेकर को हटाने की मांग की। स्कूल प्रबंधक अवधेश साहू ने बताया कि वैन में एक दर्जन बच्चे सवार थे। संवाद