तिलकोत्सव के बाद दहेज लोभियों ने मांग पूरी नहीं होने पर बारात लाने से इन्कार कर दिया। पीड़ित मां ने सोमवार को मामले की शिकायत एसपी से की है। एसपी ने मामले की जांच कर इंस्पेक्टर को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।
मंझनपुर के समदा गांव की गमला देवी पत्नी सरजू प्रसाद ने बताया कि उसने अपनी बेटी प्रिया की शादी गोविंदपुर गोरियो निवासी युवक से तय की थी। युवक एयरफोर्स चेन्नई में कार्यरत है।
16 जनवरी को गनपा गांव स्थित गेस्ट हाउस से तिलक का कार्यक्रम हुआ। इसमें बुलेट,सोने की जंजीर व 2.51 लाख रुपया नकद दिया था। तिलक के बाद दहेजलोभी ब्रेजा कार और पांच लाख नकदी की मांग करने लगे।
असमर्थता जताने पर 18 जनवरी को बारात लाने से इन्कार कर दिया। होने वाले दूल्हे के भाई ने लड़की के नाना व जिला पंचायत सदस्य गया प्रसाद के चालक के खिलाफ हवाई फायरिंग करने का मुकदमा अलग से लिखा दिया।
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सैनी इंस्पेक्टर को प्रकरण की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दे दिया गया है।