सरेंडर करने आए हत्यारोपी को गिरफ्तार करने पर भड़के अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
हत्या के एक मामले में आत्मसमर्पण करने आए युवक को पुलिस ने सीजेएम कोर्ट से जबरन उठा लिया। इससे कचहरी का माहौल तनाव पूर्ण हो गया। आक्रोशित वकीलों ने जनपद न्यायालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। हंगामा बढ़ते देख बैकफुट पर आई पुलिस ने आरोपी की पिटाई कर कोर्ट परिसर में छोड़ दिया। मामले में सीजेएम पूर्णिमा प्रांजल ने पुलिस को फटकार लगाते हुए आरोपी को कस्टडी में लेकर जेल भेज दिया है।
कौशाम्बी कोतवाली के बरंबारी गांव में 17 फरवरी 2023 की रात खेत की रखवाली करने गए शिव कुमार की हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक की पत्नी सुंदर कली ने गांव के ही सम्पत पासी व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने करारी कोतवाली के लोधन का पुरवा मजरा पिपरी निवासी ज्ञान चंद्र सरोज का नाम प्रकाश में लाते हुए आरोपपत्र कोर्ट में दाखिल किया।
सीजेएम पूर्णिमा प्रांजल ने सत्र न्यायाधीश को विचारण के लिए सुपुर्द कर वांछित आरोपी ज्ञान चन्द्र के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ज्ञान चन्द्र के घर पर नौ मई को कुर्की की नोटिस भी चस्पा कर दी। पुलिस का दबाव बढ़ता देख ज्ञान चन्द्र ने सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी दाखिल कर दी।