मंझनपुर स्थित फायर स्टेशन। संवाद
दिवाली के मद्देनजर अग्निशमन विभाग ने विशेष तैयारी की है। 20 अक्तूबर को मनाई जाने वाली दिवाली पर आतिशबाजी से होने वाली आग की घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। दिवाली पर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैयार रहेंगे।
अग्निशमन अधिकारी अशोक यादव ने बताया कि त्योहार के दौरान सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है।विभाग के पास पांच फायर टेंडर, एक एफक्यूआरवी, एक हाई-प्रेशर वाहन और एक बुलेट वाहन तैयार स्थिति में रखे गए हैं। साथ ही 25,000 लीटर क्षमता वाले दो फायर वाहन नगर और आसपास के गांवों में किसी भी आग की घटना पर तत्काल रवाना किए जाएंगे।
चायल तहसील क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन न होने के कारण एक अस्थायी फायर टेंडर तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर टीमों को सतर्क किया गया है, ताकि दिवाली पर किसी भी आकस्मिक घटना से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पटाखा की दुकानों का किया जा रहा है भौतिक निरीक्षण
दिवाली पर लगने वाली अस्थायी दुकानों का भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। दुकान लगाने के लिए संस्तुति लेने आने वाले दुकानदारों को नियम की जानकारी दी जा रही है। उन्हें सुरक्षा के इंतजाम और लाइसेंस आदि का बोर्ड लगाने के लिए कहा गया है। बोर्ड पर 101 और 112 पुलिस हेल्पलाइन नंबर भी लिखे जाने को कहा गया है।