पूर्व सांसद के साथ लोगों के बीच बैठा आरोपित। स्रोत- वायरल फोटो
पूर्व सांसद विनोद सोनकर का 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फोटो में कुख्यात बदमाश रामदास पाल पूर्व सांसद के प्रयागराज स्थित कार्यालय में बैठकर चर्चा करता नजर आ रहा है। बैठक के दौरान पूर्व सांसद के अन्य समर्थक भी मौजूद हैं।
सरायअकिल के कुंड्रावी गांव में सोमवार को हुई फायरिंग की घटना के बाद फोटो वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई। एसपी राजेश कुमार ने मामले की जांच कराने की बात कही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फोटो कब का है। हालांकि, अमर उजाला वायरल फोटो की पुष्टि नहीं करता।
फायरिंग में नाम, इनाम घोषित
कोटिया गांव का रामदास पाल पुलिस रिकॉर्ड में चर्चित बदमाश है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह कई दिनों से फरार चल रहा है। उस पर आरोप है कि उसने अपने हिस्ट्रीशीटर भाई व ग्राम प्रधान राजेश उर्फ सुग्गीलाल और अन्य साथियों के साथ मिलकर इमलीगांव के पूर्व प्रधान धर्मेंद्र पांडेय पर फायरिंग की थी। इस घटना में पुलिस उपनिरीक्षक की तहरीर पर दोनों भाइयों सहित कई लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ। एफआईआर में पूर्व प्रधान व उनके भाई का नाम भी शामिल है।
पूर्व सांसद के साथ इनामी बदमाश का फोटो वायरल होने का मामला सामने आया है। जांच कराकर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।- राजेश कुमार, एसपी कौशाम्बी
जो फोटो वायरल हो रहा है वह जनसुनवाई के दौरान की है। जनसुनवाई में कोई भी पीड़ा लेकर आ सकता है। प्रतिनिधि को समस्या बताने के दौरान किसी के खड़े होने को उसका करीबी नहीं बताया जा सकता। - राजेंद्र पांडेय, पीआरओ