सैनी कोतवाली के कनवार गांव में शनिवार देर शाम एक वृद्ध घर में ही लोहे के दरवाजे से टकरा गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। जख्मी हालत में परिजनों ने उसे इलाज के लिए अजुहा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रविवार को इलाज के दौरान वृद्ध ने दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सैनी कोतवाली के अखाड़ा पर मजरा कनवार गांव निवासी रामेश्वर प्रसाद खेती किसानी करता था। रोज की तरह शनिवार शाम को वह घर के कमरे में खाना खाने के बाद सोने जा रहा था। इसी दौरान वह कमरे में लोहे के दरवाजे से टकरा गया। इससे रामेश्वर प्रसाद के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। उसे इलाज के लिए परिजन अजुहा के निजी अस्पताल ले गए। जहां रविवार दोपहर रामेश्वर प्रसाद ने दम तोड़ दिया। रामेश्वर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची अजुहा चौकी पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में महिला समेत दो जख्मी
कोखराज कोतवाली के घटइयापर गांव निवासी मोनू की फतेहपुर के विजयीपुर गांव में ससुराल है। रविवार को ससुराल से पत्नी को लेकर बाइक से वह गांव आ रहा था। जैसे ही सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे में भोला चौराहा पर पहुंचा, तभी सड़क पार कर रही नेता नगर मोहल्ला निवासी मोहम्मदुन निशा बाइक के सामने आ गई। हादसे में बाइक सवार मोनू सहित मोहम्मदुन निशा सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। जबकि बाइक सवार मोनू की पत्नी बाल-बाल बच गई। घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती कराते हुए परिजनों को सूचना दी गई है।