Married woman dies under suspicious circumstances, allegation of dowry murder
- फोटो : KAUSHAMBI
कोतवाली क्षेत्र के बड़नपुर घाटमपुर गांव में एक विवाहिता की शनिवार रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। ससुरालियों के मुताबिक विवाहिता की मौत बीमारी से हुई है। वहीं मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बड़नपुर घाटमपुर गांव निवासी कमलेश कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। कमलेश के मुताबिक आठ साल पहले उसकी शादी मंझनपुर कोतवाली के टेंवा गांव की मनीषा देवी (27) के साथ हुई थी।
शनिवार की शाम मनीषा अचानक बीमार हो गई। इस पर परिजन उसे इलाज के लिए मंझनपुर स्थित निजी नर्सिंग होम ले गए। जहां हालत गंभीर होती देख डॉक्टर ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर प्रयागराज जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही मनीषा की सांसें थम गईं।
इस पर परिजन शव लेकर घर चले आए। घटना की जानकारी मिलते ही मनीषा के मायके वाले भी आ गए। मृतका के पिता भोला नाथ ने ससुरालियों पर देहज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, मायके वालों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल पइंसा का कहना है कि तहरीर मिलने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।