गोदाम से मिलने वाले राशन में घटतौली व कमीशनखोरी को लेकर बुधवार को कड़ा विकासखंड कई कोटेदारों ने ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां पहुंचे सांसद विनोद सोनकर को ज्ञापन देकर कोटेदारों ने क्षेत्रीय विपणन अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अंत्योदय व पात्र गृहस्थी योजना के कार्ड धारकों को महीने में दो बार नि:शुल्क प्रति यूनिट पांच किलो गेहूं और चावल वितरित किया जाता है। आरोप है गोदाम से उठने वाले राशन में खेल हो रहा है। कड़ा ब्लॉक मुख्यालय में उचित दर विक्रेता भवानी सोनकर की अगुवाई में दर्जनों दुकानदारों ने प्रदर्शन कर सांसद को ज्ञापन देकर बताया कि क्षेत्रीय विपणन अधिकारी की ओर से मनमानी ढंग से काम किया जाता है। दुकानों में उठने वाले राशन की तौल नहीं कराई जाती है।
50 किलो की जगह बोरी में 35 व 40 किलो ही राशन मिलता है। जिसकी वजह से कार्ड धारकों को वितरण में दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा विभाग की ओर से पल्लेदारी भाड़ा व कमीशन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसके लिए सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। सांसद विनोद सोनकर ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान अवध कुमार पटेल, छोटेलाल ,गुलाबचंद, अनीता देवी, कुलदीप सिंह ,जयप्रकाश त्रिपाठी, विनायक, मंजू देवी, अनारकली आदि मौजूद रहे।
कोटे का प्रस्ताव खारिज करने की मांग
तहसील के पथरावां गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को एसडीएम सिराथू विनय गुप्ता को ज्ञापन देकर गांव में कोटे की दुकान के प्रस्ताव को खारिज करने की मांग की। गांव के राजकुमार मौर्य, छोटेलाल, मुकेश कुमार, राम करन, संतोष कुमार व अनीता देवी आदि लोगों का कहना था मंगलवार को पथरावां गांव में सरकारी राशन की नई दुकान का चयन में नियमों व मानक को दरकिनार कर किया गया। एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।