सऊदी से आए युवक की जांची सेहत, नहीं मिले कोरोना के लक्षण
मास्क उपलब्ध कराने के साथ ही 28 दिन तक एहतियात बरतने की सलाह दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कड़ा। कोरोना का खौफ लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। प्रशासन भी इसे लेकर पूरी तरह से अलर्ट है। मंगलवार को सऊदी अरब से घर आए युवक की जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शीतलाधाम कड़ा पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। कोरोना के लक्षण नहीं मिले। टीम ने युवक को 28 दिन तक एहतियात बरतने की सलाह दी।
शीतला धाम कड़ा निवासी एक युवक सऊदी अरब में प्राइवेट नौकरी करने गया था। वापस लौटने पर सोमवार की रात अमौसी हवाई अड्डे पर उतरते ही डॉक्टरों ने उसकी स्क्रीनिंग करते हुए सीएमओ कौशाम्बी को खबर दी। मंगलवार की सुबह सूचना मिलने के बाद सीएचसी इस्माइल के प्रभारी डॉ. हेमंत बिसेन की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम युवक के घर शीतलाधाम पहुंची। यहां युवक का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिलने पर टीम ने राहत की सांस ली। टीम ने युवक को मास्क मुहैया कराने के साथ ही भीड़भाड़ से दूर रहने की सलाह दी। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि युवक में कोरोना के लक्षण नहीं मिले। फिर भी 28 दिन तक लोगों से एकांत में रहने की सलाह दी गई है। इस बीच स्वास्थ्य महकमा रोजाना युवक का हालचाल लेती रहेगी।