कथित हिंदू युवा वाहिनी नेता ने जिले के एक व्यक्ति को संगठन का जिलाध्यक्ष बनाने के नाम तथा तमाम लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की। प्रदेश में भाजपा की सरकार में अपनी अच्छी बैठ बताकर ही उसने लोगों से लाखों की उगाही है। अब नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ित आरोपी के घर तगादा करने जाते हैं तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
जिले में संगठन के जिलाध्यक्ष विपिन त्रिपाठी बताते हैं कि फ्राड करने वाला व्यक्ति प्रतापगढ़ के रानीगंज इलाके के रहने वाला है।
उसने उसे कौशाम्बी का जिलाध्यक्ष बनाया। इसके बाद सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जय सिंह यादव, सुनील साहू, आशीष साहू, कृष्णा विश्वकर्मा सहित 12 लोगों से कुल 18.25 लाख रुपये वसूल किए। काफी दबाव बनाने के बाद 6.065 लाख रुपये वापस कर दिए। अब बाकी के पैसे वापस नहीं किए जा रहे हैं। कुछ चेक दिए गए थे वह बाउंस हो चुके हैं। एसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।