पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के बाकरगंज गांव में हाईस्कूल की एक छात्रा ने शनिवार की सुबह नशीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। चर्चा है कि मां की किसी बात से नाराज होकर उसने जहरीला पदार्थ खाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाकरगंज निवासी महेश उर्फ ऊदल पुणे में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर उसकी पत्नी चार बच्चों संग रहती है। बड़ी बेटी प्रिया (16) हाईस्कूल की छात्रा थी। शनिवार की रात प्रिया ने नशीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उनके होश उड़ गए। परिवार वालों ने प्रिया को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं।
घटना के बाद से मृतका की मां माया देवी, भाई शनि (12), विनोद (7), बहन शालिनी (10) के आंसू नहीं थम रहे थे। बेटी की मौत की जानकारी पाकर पिता भी घर के लिए रवाना हो गए। गांव में चर्चा है कि परिजन प्रिया की शादी करना चाहते थे। इसके लिए वह तैयार नहीं थी, इसी को लेकर मां ने उसे फटकार लगाई थी।