करारी में चूड़ी पहनती महिला-संवाद
हरियाली तीज और सावन को लेकर महिलाएं व युवतियां खरीदारी में जुटी हैं। कस्बे की चूड़ी दुकानों पर डिजाइनर, स्टोन वर्क, लाख, राजस्थानी और मोती जड़ी चूड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं।
चूड़ी व्यापारी अनीशा बानो ने बताया कि पारंपरिक हरी चूड़ियों के साथ कटिंग डिजाइन और स्टोन वर्क वाले सेट की मांग अधिक है। पिंटी बानो ने बताया कि नग जड़ी और फैंसी डिजाइन की चूड़ियां महिलाओं को खूब आकर्षित कर रही हैं।
राजू ने बताया कि 12 चूड़ियों का एक सेट 60 से 250 रुपये तक बिक रहा है और आगामी सोमवार व हरियाली तीज पर बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है।
करारी निवासी संध्या जायसवाल कहती हैं कि हरा रंग प्रकृति, प्रेम, समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक है। सावन में हरी चूड़ियों की खनक केवल हाथों की शोभा नहीं बढ़ाती, बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते में स्नेह, विश्वास और अपनापन भी और गहरा करती है।
मान्यता है कि सावन में सुहागिनें हरी चूड़ियां पहनकर पति की लंबी आयु, खुशहाल जीवन और रिश्तों में हमेशा हरियाली बनी रहने की कामना करती हैं।