चरवा कोतवाली के भैरव भींटी गांव में बृहस्पतिवार रात एक बरात में डांस करने को लेकर बवाल हो गया। मारपीट के दौरान बरात में शामिल दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया। आरोपियों ने एक युवक के सिर और दूसरे के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। युवकों पर हमले के बाद वैवाहिक कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। दोनों को आननफानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोखराज कोतवाली के पट्टी परवेजाबाद निवासी मिथलेश कुमार की शादी चरवा कोतवाली के भैरव भीटी गांव निवासी सुरेश की बेटी संगीता के साथ तय हुई थी। बृहस्पतिवार रात भीटी गांव में बरात आई थी। सभी बराती डीजे की धुन पर नाच गाना करते हुए द्वारचार के लिए जा रहे थे। इस दौरान डांस करने को लेकर बरात में विवाद हो गया। चाकू से लैस रहे बवालियों ने बरातियों पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने परवेजाबाद निवासी उमेश कुमार और राम पूजन के पेट में चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़े। इससे बरात में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवकों को मूरतगंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। इंस्पेक्टर चरवा संतोष शर्मा का कहना है मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में तनाव है। देर रात पुलिस की मौजूदगी में विवाह की रश्में अदा कराई गईं।