सदर तहसील के बरलहा गांव स्थित बिंदास नगर मोहल्ले में रविवार रात शॉर्ट-सर्किट से एक खपरैलनुमा घर में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर घर के एक हिस्से में संचालित किराना की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण आग पर काबू पाते कि इससे पहले नकदी समेत सामान जल चुका था।
बरलहा बिंदास नगर मोहल्ला निवासी अनुज कुमार सरोज ने बताया कि रविवार रात घर के लोग बाहर सो रहे थे। करीब एक बजे अचानक घर से आग की लपटें उठने लगीं। आंच लगी तो पीड़ित शोर मचाने लगे। जब तक लोग इकट्ठा होकर मदद करते तब तक पूरे घर में आग फैल गई। किराना की दुकान में रखा सामान भी जल गया।
लोग आग पर काबू पाने प्रयास करने लगे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की जद में आने से दस हजार नकदी, दो बोरा गेहूं, दो बोरा चावल, कपड़े व किराना की दुकान के साथ गृहस्थी सारा सामान जल गया। सोमवार को हल्का लेखपाल ने मौके का स्थलीय निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान के बारे में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दी है।