Faults found in Ajuha purchasing center of UPSS, in-charge reprimanded
- फोटो : KAUSHAMBI
धान खरीद की हकीकत खंगालने के लिए मंगलवार को मंझनपुर और सिराथू के एसडीएम ने अपने क्षेत्र के आधा दर्जन क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इन केंद्रों पर अव्यवस्थाएं मिलीं। यूपीएसएस के अजुहा केंद्र में गड़बड़ी मिलने पर एसडीएम सिराथू ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार का निर्देश दिया।
एसडीएम सिराथू विनय कुमार गुप्ता सबसे पहले अजुहा पहुंचे। यहां पर उन्होंने विपणन शाखा और यूपीएसएस के धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। विपणन शाखा केंद्र पर खरीद की जा रही थी। जबकि यूपीएसएस केंद्र पर धान नहीं खरीदा जा रहा था। केंद्र प्रभारी रामगोपाल ने बताया कि 20 नवंबर तक 519 क्विंतल धान की खरीद की गई है।
इसके बाद से खरीद नहीं करने को लेकर किए गए सवाल का केंद्र प्रभारी एसडीएम को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर एसडीएम फटकार लगाते हुए तत्काल खरीद शुरू करने का निर्देश दिया। इसी तरह एसडीएम सदर प्रखर उत्तम ने भी सरसवां, कौशाम्बी और मंझनपुर ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों से कहा कि वह मिल मालिकों से सामन्जस्य बैठाकर एकमुश्त धान उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कहा किसानों का धान बिना किसी रुकावट के खरीद किया जाए। केंद्र को मिले निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष जल्द से जल्द धान खरीद लिया जाए। केंद्रों पर रहे किसानों से पूछताछ करते हुए एसडीएम ने उनकी समस्याएं भी सुनीं।