बिजली की चोरी और बकायेदारों के खिलाफ बुधवार को विद्युत वितरण खंड चायल ने अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता इं. राम हरी ने पांच टीमों के साथ चायल, चरवा, बलीपुर टाटा और पुरखास फीडर समेत कई इलाकों में चेकिंग की। इस दौरान 13 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। साथ ही 17.18 लाख का बिल बकाया होने पर 71 घरों के कनेक्शन काटे गए। मौके पर ही 2.50 लाख रुपये बकाया वसूला।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए प्रत्येक फीडर पर फीडर मैनेजर की तैनाती की गई है। अब इनकी जवाबदेही तय होगी। उपभोक्ताओं को सही और समय पर बिल देने के लिए अब मीटर रीडर्स के साथ विभागीय कर्मचारी भी रहेंगे जिनकी मॉनिटरिंग डिस्काम मुख्यालय से होगी। स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से जारी है इससे गलत रीडिंग पर अंकुश लगेगा। उन्होंने बताया कि 10 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे और बिजली चोरी पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।