Deranged death in Chail, accused of beating
पिपरी के चायल कस्बे में सोमवार की सुबह एक 25 वर्षीय विक्षिप्त युवक की मौत हो गई। परिजनों ने मोहल्ले के ही तीन लोगों के खिलाफ पिटाई करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पिता और उसके दो पुत्रों के खिलाफ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना को लेकर तनाव की स्थिति है।
चायल कस्बा निवासी रामलाल सोनी और राम बक्स सोनी पड़ोसी है। राम बक्स सोनी का 25 वर्षीय बेटा राम प्रकाश की मानसिक हालत खराब है। पांच दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों परिवारों में मामूली बहस और मारपीट हुई थी। इसमें राम प्रकाश को मामूली चोटें आईं थी।
मामले में तहरीर पर पुलिस ने राम लाल और उनके दो पुत्र मनीष सोनी व अरुण सोनी के खिलाफ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया था। घायल विक्षिप्त को इलाज के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां चार दिन तक चले इलाज के दौरान सोमवार को राम प्रकाश की मौत हो गई। मामले में परिजनों ने राम लाल और उनके दो पुत्रों के खिलाफ पिटाई कर हत्या करने की तहरीर पुलिस को दी है। दूसरी तरफ पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना को लेकर कस्बा इंचार्ज आलोक कुमार का कहना है कि मृतक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। मोहल्ले में मारपीट होने के बाद विक्षिप्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां सोमवार को उसकी मौत होने की सूचना मिली है। मृतक के परिजनों ने राम लाल सोनी और उसके दो पुत्रों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। राम प्रकाश की मौत कैसे हुई है, यह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जो भी रिपोर्ट आएगी उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।