चरवा कोतवाली के सैयद सरावां गांव के समीप दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति की लाश मिली। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने छानबीन की तो शव की शिनाख्त हुई। पता चला कि मृतक दूधिया था व कर्ज से काफी परेशान था। घटना के पीछे हादसा या खुदकुशी की तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चरवा कोतवाली के घूरी निवासी धारा सिंह यादव (45) दूध और खोए का थोक व्यापारी था। वह इलाके से दूध इकट्ठा करके प्रयागराज में सप्लाई करता था। परिजनों के अनुसार पिछले काफी समय से उसे व्यापार में घाटा लग रहा था।
इससे वह काफी कर्जदार भी हो गया था। कर्ज के कारण घर में आए दिन झगड़ा भी होता रहता था। शुक्रवार सुबह धारा सिंह घर से बाइक लेकर निकला और उसके कुछ देर बाद पुलिस ने उसके शव मिलने की खबर दी। घटनास्थल जीआरपी के क्षेत्र में होने के कारण पुलिस ने उन्हें खबर दी। सूचना पर जीआरपी सिराथू की टीम पहुंची और शव की शिनाख्त के लिए कपड़ों की तलाशी ली। कपड़ों में मिले आधार कार्ड से शव की शिनाख्त हो सकी।