बारा। सड़क हादसे में शुक्रवार की शाम इछना गांव के युवक दिनेशचंद्र (28) की मौत हो गई। वह एक अन्य युवक के साथ बाइक से ढेकहाई गांव गया था। लौटते समय जाठी गांव के समीप उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें नाजुक दशा में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के इछना गांव निवासी दिनेशचंद्र (28) शुक्रवार को एक अन्य युवक के साथ रिश्तेदार के घर कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के ढेकहाई गांव आया था। शाम करीब सात बजे वह घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही उसकी बाइक जाठी मोड़ के समीप पहुंची। सामने से आ रही एक मोटर साइकिल से आमने-सामने की टक्कर हो गई। वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि दोनों बाइक में सवार तीनों युवक दूर जा गिरे। इससे दिनेश की तो मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथ रहा युवक और दूसरी बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाहनों की टक्कर की आवाज पर आसपास के ग्रामीण और राहगीर दौड़े। खून से लथपथ तीन युवकों को सड़क पर पड़ा देख लोगों के होश उड़ गए। गांववालों ने हादसे की जानकारी कौशाम्बी पुलिस के साथ ही एंबुलेंस को दी। हादसे की खबर पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा। साथ ही मृतक दिनेश के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मौत की खबर लगते ही घर-परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। उधर, अचेत होने के कारण दोनों घायल युवकों का नाम-पता खबर लिखे जाने तक मिल नहीं सका था।