सैनी कोतवाली के कमासिन मोड़ के समीप बुधवार की रात तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि युवक की बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पहाड़पुर गांव निवासी शादाब (18) पुत्र मुस्तकीम बुधवार की शाम ननिहाल गोरियों से बहन सोनी को बाइक से लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर कमासिन मोड़ के समीप पहुंचा। इलाहाबाद की ओर से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ओवरटेक के चक्कर में बाइक सवार शादाब व उसकी बहन को रौंद दिया। शादाब व उसकी बहन सोनी को गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल भाई-बहन को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने शादाब को मृत घोषित कर दिया। सोनी का इलाज चल रहा है। हादसे की खबर परिजनों को दी गई तो हाहाकार मच गया। परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।