मंझनपुर। दोआबा में बेखौफ चोरों ने मकान-दुकान के बाद अब भगवान के घर के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार की रात चरवा कोतवाली के लोकीअमनीपुर गांव के पीएचसी में चोरी की। अस्पताल में रखे मेडिकल उपकरण के साथ इलेक्ट्रिक सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी स्वाथ्य कर्मियों को सुबह हुई। चिकित्साधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के लोकीअमनीपुर गांव में मरीजो के इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोला गया है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की शाम कर्मचारी अस्पताल बंद करने के बाद आवास चले गए। आधी रात अस्पताल के मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर घुसे बेखौफ चोरों ने आधा दर्जन एक्जास्ट, 13 पंखे, दवाइयां आदि हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी कर्मियों को सुबह अस्पताल पहुंचने पर हुई।
अभिलेखों के साथ बिखरा सामान देख लोग सन्न रह गए। आनन-फानन कर्मियों ने घटना की जानकारी चिकित्साधिकारी को दी। अस्पताल का मुआयना करने के बाद एमओआईसी डा गुलाम अली कोतवाली पहुंचे और घटना की तहरीर चरवा कोतवाली पुलिस को दी। चिकित्साधिकारी के प्रार्थना पत्र पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।