सिराथू (ब्यूरो)। हाईवे पर निंदूरा गांव के समीप सोमवार को अपरान्ह हुए मार्ग हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि साथ रहा एक अन्य युवक घायल हो गया। बाजार जाते समय बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने कार समेत चालक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के भड़ेहरी गांव का विपिन कुमार (22) पुत्र कंधईलाल सोमवार को अपराह्न करीब दो बजे गांव के ही रहने वाले अपने दोस्त अजय कुमार के साथ बाइक से अजुहा बाजार जा रहा था। इनकी बाइक जैसे ही निंदूरा गांव के समीप पहुंची तभी इलाहाबाद की ओर से आई तेज रफ्तार इंडीवर कार ने अनियंत्रित होकर बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बेकाबू कार की स्पीड इतनी तेज थी कि इससे जहां बाइक सवार दोनों युवक छिटककर दूर जा गिरे। वहीं कार का भी अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
उधर, कार की टक्कर लगने से गिरे विपिन कुमार की तो घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि साथ रहा दोस्त अजय भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना हुई देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने टक्कर मारने वाली कार का पीछा किया। उधर, दुर्घटना करके भाग रही कार का एक टायर भी पंचर हो गया। इससे कार चालक ज्यादा दूर नहीं भाग सका। स्थानीय लोगों ने उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।