मंझनपुर (ब्यूरो)। पत्नी से हुए विवाद के बाद गुलामीपुर गांव के युवक सिरायाराम ने खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीररुप से झुलसे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। हालत नाजुक देख जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया है।
करारी कोतवाली क्षेत्र के गुलामीपुर गांव निवासी सियाराम (35) पुत्र पंचम लाल का शनिवार की दोपहर किसी बात पर पत्नी से झगड़ा हो गया। प्रत्यक्ष्यदर्शियों की मानें तो कहासुनी के दौरान पत्नी के साथ उसकी हाथापाई भी हुई। इस दौरान पहले गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर हमले की कोशिश की। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद करके आग लगा ली। कमरे से धुएं का गुबार और युवक की चीखें सुनकर परिजनों के साथ ही ग्रामीणों के होश उड़ गए।
चीख-पुकार पर गांववाले जुट गए। किसी तरह कमरे के भीतर पहुंचकर गांववालों ने आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक लोग आग बुझा पाते, युवक 80 प्रतिशत से भी ज्यादा झुलस चुका था। घबराए परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए। जहां उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया है। जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। युवक के इस आत्मघाती कदम से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।