सैनी कोतवाली के लोंहदा मोड़ के समीप सरेराह बोलेरो सवार युवक पर कातिलाना हमला किया गया। हालांकि हमले में युवक बाल-बाल गया। पीड़ित ने तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की।
सैनी कोतवाली परास गांव निवासी जुल्फेकार अहमद पुत्र खलील अहमद ने बताया कि गांव के ही एक परिवार से उसकी पुरानी अदावत चल रही है। बृहस्पतिवार रात वह रिश्तेदार को लेने टोल प्लाजा खागा जा रहा था। इसी दौरान लोहदा मोड़ के समीप पीछे से आए स्कार्पियो सवार गांव के लोगों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इसके बाद गाड़ी से खींचते हुए बेरहमी से पीटने लगे। हमलावरों से बचते हुए वह गाड़ी लेकर भागा तो उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। हमले में युवक बाल-बाल बच गया। किसी तरह वह जान बचाकर अजुहा चौकी पहुंचा और घटना की तहरीर पुलिस को दी।
आरोप है कि पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलते देख शनिवार को पीड़ित मंझनपुर पहुंचा और शिकायत एसपी से की। एसपी ने पीड़ित को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।