नगर पंचायत करारी के नयागंज मोहल्ला स्थित ईदगाह पर हो रहे अवैध निर्माण की जांच करने कमिश्नर के निर्देश पर एसडीएम सदर शनिवार को पहुंचे। उन्होंने आरोपी को मौके पर बुलाया। उसके नहीं आने पर साक्ष्य उपलब्ध न कराने तक निर्माण कार्य बंद रखने का निर्देश करारी थानाध्यक्ष को दिया।
नयागंज मोहल्ला निवासी अहमद अब्बास ने ईदगाह पर हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत करारी पुलिस से लेकर तहसील और जिला प्रशासन से की थी। इसके बावजूद भी ईदगाह की भूमि पर हो रहा अवैध निर्माण नहीं रुकवाया गया। जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली से नाराज अहमद अब्बास शुक्रवार को मंडलायुक्त इलाहाबाद मंडल से मिलकर मामले की शिकायत की। कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर कार्रवाई का निर्देश डीएम को दिया।
शनिवार की सुबह डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर करारी पहुंचे और अवैध निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोपी को मौके पर बुलाया पर वह नहीं पहुंच सका। इससे नाराज एसडीएम ने करारी पुलिस को तब तक निर्माण कार्य न होने देने अल्टीमेटम दिया जब तक आरोपी कोई साक्ष्य न उपलब्ध करा दे।