प्रेम की राह में परिवार के रोड़ा बनने से दुखी प्रेमी युगल ने दो दिन के अंतराल में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। आंखों को नम कर देने वाली यह दर्दनाक घटना कोखराज क्षेत्र के ककोढ़ा गांव की है जहां एक युवक अपनी प्रेमिका की मौत बर्दाश्त नहीं कर पाया। प्रेमिका की मौत के दो दिन बाद युवक ने भी फांसी लगा कर जान दे दी। युवक के पास से मिले सुसाइड नोट में प्रेमिका की आत्महत्या को वजह बताया गया है।
कोखराज क्षेत्र के चकिया मजरा ककोढ़ा निवासी आलोक कुमार (20) पुत्र नरेश सोनकर खलासी है। उसका पड़ोस के गांव की युवती से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती के परिजन इस प्रेम संबंध के खिलाफ थे। परिजनों ने युवती के घर से बाहर आने जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद दोनों के बीच पनपा प्यार कम नहीं हुआ। बताते हैं कि परिजनों की ज्यादती से हताश युवती ने 15 अगस्त की रात घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पंजाब में नौकरी करने वाले आलोक को प्रेमिका की मौत की खबर मिली। 17 अगस्त को युवक पंजाब से वापस गांव आया। लोगोें का कहना है कि आलोक अपनी प्रेमिका की मौत से बहुत दुखी था। बृहस्पतिवार को सुबह आलोक का शव गांव के बाहर आम के पेड़ की डाल पर फांसी के फंदे से लटकता मिला। शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें युवक ने अपनी मौत की वजह प्रेमिका की आत्महत्या को बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।