करारी इलाके की एक विवाहिता को सैनी हाईवे से अगवा कर कार सवार दो युवकों ने रिवाल्वर की नोंक पर गैंगरेप किया। विवाहिता घर से लखनऊ जाने के लिए निकली थी। हवस मिटाने के बाद दरिंदे उसे गुरुकुल स्कूल के समीप छोड़कर भाग निकले। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर डांटकर भगा दिया था। सोमवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की।
करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता 20 सितंबर को लखनऊ के लिए घर से निकली थी। बताया जा रहा है कि वह सैनी बस स्टाप पर वाहन के इंतजार में खड़ी थी। इसी दौरान गांव के दो युवक कार से पहुंचे और उसे कानपुर तक छोड़ने की बात कहने लगे। इस विवाहिता ने इंकार किया तो इधर-उधर देखने के बाद युवकों ने विवाहिता को कार में खींच लिया। इसके बाद कनपटी पर रिवाल्वर सटा दी। बंद गाड़ी में लोहदा पुल के समीप ले जाने के बाद युवकों ने उसकी आबरू लूट ली।
हवस मिटाने के बाद युवक विवाहिता को बदहवास हालत में सैनी गुरुकुल स्कूल के समीप छोड़कर भाग निकले। फोन पर परिजनों को जानकारी देते हुए विवाहिता घर पहुंची। आरोप है कि दूसरे दिन वह शिकायत लेकर सैनी थाने पहुंची तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख पीड़िता ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मिल प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई।