दोआबा में उमसभरी गर्मी के साथ लू जानलेवा बनी हुई है। हवा के गर्म थपेड़ों के साथ उमस भरी गर्मी से जन-मानस के साथ पशु-पक्षी बेहाल है। थोड़ी से चूक में लोग मौत के गाल में समा रहे है। बृहस्पतिवार की सुबह टेंवा के समीप मंझनपुर आ रहे बक्सीपार गांव के किसान की लू लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव परिजनों को दे दिया है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बक्सीपार गांव का रहने वाला कल्लू (50) पुत्र शीतल प्रसाद किसान है। बृहस्पतिवार की सुबह वह घर से मंझनपुर के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि टेंवा गांव के समीप पहुंचते ही वह बेहोश होकर साइकिल समेत गिर पड़ा। अधेड़ को सड़क किनारे पड़ा देख राहगीर उसे आनन-फानन जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों का कयास है कि अधेड़ की मौत लू लगने से हुई है। बता दें कि दोआबा में भीषण गर्मी के साथ लू कातिल बनी हुई है। सुबह होते ही लोग घरों में दुबक जाते है। गर्म हवा के थपेड़ों से दिनभर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। रविवार को पुरामुफ्ती के हरिरामपुर गांव के रहने वाले रामराज की लू लगने से मौत हो गई थी। लू लगने से अधेड़ की मौत के बाद घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।