कोखराज इलाके की रहने वाली एक विवाहिता को होली पर्व पर शुक्रवार की रात शराब पिलाकर दो युवकाें ने उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता के शोर मचाने पर उसकी पिटाई करके युवकों ने कहीं भी शिकायत करने पर जाने से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। दरिंदों की धमकी से डरी-सहमी पीड़िता ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक से घटना की की। वहीं एसओ कोखराज का कहना है कि फिलहाल उन्हें ऐसी जानकारी नहीं है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता का आरोप है कि होली पर्व पर शुक्रवार की रात पड़ोसी उसे दावत के बहाने घर बुला ले गया। इसके बाद साथी के साथ मिलकर उसे जबरदस्ती शराब पिला दी। फिर दोनों ने उसके साथ जबरदस्ती की। चीखने-चिल्लाने पर दोनों ने विवाहिता की पिटाई भी की। साथ ही किसी से भी शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। उधर, पीड़िता की चीख-पुकार सुन पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला भी भागकर आई।
आरोप है कि इन दोनों ने उसे भी चुप रहने की धमकी दी। साथ ही कहीं भी शिकायत करने पर उसके घर में आग लगाने की धमकी दी गई है। दरिदों की धमकी से सहमी पीड़िता ने सोमवार को घटना की नामजद शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने कोखराज कोतवाली प्रभारी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। उधर, एसओ कोखराज जेपी यादव का कहना है कि फिलहाल उन्हें ऐसा कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।