नेवादा। सरायअकिल के नंदा का पुरवा निवासी राजुकमार शव शनिवार की सुबह यमुना में उतराता हुआ मिला। गुरुवार को वह घर से मछली मारने की बात कहकर निकला था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली के नंदा का पूरा गांव निवासी राजकुमार उर्फ नन्हू पुत्र चिरौंजी लाल नाव चलाकर परिवार का गुजारा करता था। गुरुवार की शाम वह डोंगी लेकर मछली का शिकार करने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान नंदा के पुरवा स्थित यमुना घाट से करीब एक किलोमीटर दूर पड़ुवा घाट पर राजकुमार की नाव मिली थी। इससे आशंका हुई कि शायद मछली मारने के दौरान पैर फिसलने से वह यमुना में डूब गया हो। इस परिजनों ने स्थानीय मल्लाहों की मदद से यमुना में जाल डलवाकर उसकी खोजबीन की।
पर, शुक्रवार को दिनभर की मशक्कत के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार की सुबह नंदा का पुरवा के समीप ही यमुना में उसकी उतराती हुई लाश बरामद की गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से म़ृतक की पत्नी सुनीता व बेटे प्रदीप (10), बेटी चंदिया (8), निशा (6) और गोलू (4) की रो-रोकर हालत खराब है।