सल्लाहपुर में हुए मार्ग हादसे में युवक की मौत पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : amar ujala
हाईवे पर सल्लाहपुर के समीप शुक्रवार की सुबह डीसीएम-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, खलासी और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चरवा थाना क्षेत्र के भीटी गांव का ननका (25) पुत्र निहाल अहमद डीसीएम चालक है। वह शुक्रवार की सुबह इलाहाबाद से खलासी रईस आलम (28) पुत्र जमील निवासी मलाक मोहिउद्दीनपुर के साथ घर लौट रहा था। सल्लाहपुर हटवा के समीप डीसीएम चालक सामने से जा रहे टैंकर को ओवर टेक करने लगा। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक चालक फूलचंद्र पुत्र ननकू निवासी तेवारा से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम चालक ननका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि, ट्रक चालक फूलचंद्र और डीसीएम का खलासी रईस गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव के साथ घायलों को वाहन से बाहर निकाला। उधर, हादसे की जानकारी होते ही मृतक और घायलों के घर वाले घटना स्थल पर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतक के घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।