शराब-गांजे की तस्करी करने वालों के साथ शराब बनाने वालों की खाकी ने कुंडली बनाना शुरू कर दिया है। मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार में रोक लगाने के लिए आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम सर्च आपरेशन चलाकर तस्करों को चिह्नित करेगी। आबकारी सचिव ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।शासन के इस फरमान पर पुलिस और आबकारी विभाग के अफसर कार्रवाई में जुट गए है।
सरहद पार से जिले में शराब और गांजे की तस्करी के साथ शराब बनाकर बेचने वालों की लंबी फेहरिस्त है। इस गोरख धंधे में अंकुश लगाए जाने के लिए सचिव शासन मणि चंद्र मिश्र ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज मादक पदार्थ की तस्करी और कारोबार में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मादक पदार्थों की तस्करी को रोक लगाने के लिए सर्च आपरेशन चलाने का फरमान जारी किया है।
शासन का निर्देश मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग ने तस्करों के साथ गोरख धंधे से जुडे़ शराब कारोबारियों को चिह्नित कर कुंडली तैयार करना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक डा..के एजिलरसन ने सभी थानेदारों को अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। हिदायत दी कि सर्च आपरेशन में लापरवाही किसी भी मायने में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।