सैनी इलाके की एक युवती को शादी के झांसा देकर पड़ोसी युवक 6 महीने तक उसकी इज्जत से खेलता रहा। शादी का दबाव बनाने पर उसने युवती की जान ले ली। मामले में सैनी कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। एफआईआर होने से अभियुक्त और उसके परिवार के लोग मुकदमे में सुलह का दबाव बना रहे हैं। इंकार करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सहमे पीड़ित परिवार ने सोमवार को एसपी से शिकायत करके गिरफ्तारी और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सैनी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 18 वर्षीय युवती की 26 नवंबर को संदिग्धदशा में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। घरवालों की मानें तो पड़ोसी युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बना लिया था। छह महीने तक वह उसकी आबरू से खेलता रहा। बाद में शादी से मुकरने लगा। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो जहर खिलाकर उसको मार डाला गया। मृतका के पिता की तहरीर पर सैनी कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है लेकिन 4 दिन बीतने के बाद भी अब तक अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उधर, एफआईआर दर्ज होने के बाद से अभियुक्त और उसके परिवार के लोग सुलह का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित परिवार द्वारा इंकार करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे सहमे पीड़ित परिवार ने सोमवार को एसपी को प्रार्थनापत्र देकर घटना की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक से अभियुक्त की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई। एसपी ने एसओ सैनी को प्रकरण की जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।