कौशाम्बी क्राइम ब्रांच और सैनी कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को दबोचा है। गिरोह के इन सदस्यों को सैनी इलाके से दबोचा है। दावा है कि इनके पास से चोरी की एक कार और 8 बाइक मिली हैं। गिरोह बरसों से कौशाम्बी और आसपास के जिले में सक्रिय रहा है।
क्राइम ब्रांच के प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि सैनी इलाके के लुकिया गांव के समीप वाहन चोर गिरोह के कुछ सदस्य मौजूद हैं। जानकारी पर टीम सैनी पुलिस के साथ लुकिया गांव पहुंची। बताया कि गांव जाने वाले मोड़ पर ही तीन संदिग्ध युवक उन्हें मिल गए। इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मालूम हुआ है कि तीनों युवक वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। हत्थे चढ़े युवकों में राज कुशवाहा निवासी मुराइन का पुरा (धुमाई) सैनी, तिलेश कुमार साहू निवासी हिसामपुर माढ़ौ सैनी, इस्तियाक अहमद निवासी पुरानी बाजार काली देवी चौराहा कर्वी चित्रकूट हैं।
पुलिस ने तीनों युवकों के पास से चोरी की एक-एक बाइक तो मौके पर ही बरामद कर ली थी। साथ ही इनकी निशानदेही पर पुलिस प्राथमिक स्कूल डोरमा डोलची के समीप छिपाकर रखी गई चोरी की 5 अन्य बाइक और एक कार भी बरामद होने का दावा किया है। चोरी के वाहनों के साथ दबोचे गए युवकों ने बताया कि वे लोग कौशाम्बी के साथ ही इलाहाबाद, फतेहपुर, चित्रकूट समेत आसपास के जनपदों से बाइक और कार उड़ाकर बेचने का कारोबार कई साल से करते रहे हैं।