नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली विवाहिता के साथ बुधवार की सुबह दो युवकों ने दरिंदगी का प्रयास किया। युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के साथ विवाहिता के कपड़े फाड़ डाले। चीखने चिल्लाने पर ग्रामीणों को आता देख दोनों युवक कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच में जुटी है। एसओ ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता बुधवार सुबह घर में अकेली थी। परिवार के अन्य लोग खेत में काम करने गए थे। विवाहिता के घर में अकेली होने का फायदा उठाते हुए गांव के दो युवक बहाने से उसके यहां पहुंच गए। इन दोनों ने विवाहिता को दबोचकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। हैवान बने युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान उसके कपड़े फाड़ डाले। युवती की चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों के आने की आहट पर दोनों युवक कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने से मारने की धमकी युवती को देते हुए भाग निकले। गांववालों ने युवती की हालत देखी, तो उनके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी लगते ही परिवार के लोग भागकर घर पहुंचे। परिजनों के साथ मंझनपुर कोतवाली आई विवाहिता ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। तहरीर लेकर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि शिकायत मिली है। घटना की जांच की जा रही है। तफ्तीश के बाद रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में गांव जाकर दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी युवक घर से फरार थे।