दहेज में बाइक नहीं मिलने पर करारी के गुवारा तैयबपुर गांव की विवाहिता को ससुरालवालों ने पीटकर घर से भगा दिया। पीड़िता की तहरीर पर बुधवार को करारी पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करारी थाना क्षेत्र के पिंडरा सहावनपुर गांव की रहने वाली सहाना बानो का निकाह सालभर पहले गुवारा तैयबपुर गांव के मंसूर अली से हुआ था। आरोप है कि शादी के 6 महीने बाद से ही ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे। उस पर मायके से बाइक खरीदने की रकम मांगकर ले आने का दबाव बनाया जाने लगा। इसके लिए उसके साथ मारपीट की जाती। कई बार तो उसे भूखा रखकर कर यातनाएं दी जाती। इतना जुल्म करने के बाद भी जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो सोमवार को दहेज की मांग को लेकर फिर ससुराल के लोगों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की। पीटने के बाद उसे घर से निकाल दिया गया। मारपीट से घायल विवाहिता किसी तरह मायके पहुंची। उसकी हालत देख घरवाले सन्न रह गए। दूसरे दिन मायके वाले बेटी की ससुराल गए और मान-मनौव्वल की कोशिश की। बिरादरी की पंचायत बुलाई गई। पर, ससुराल के लोग बगैर दहेज की मांग पूरी हुए विवाहिता को विदा कराकर ले जाने को राजी नहीं हुए।
तमाम प्रयास के बाद भी जब बात नहीं बनी, तो मंगलवार को पिता के साथ करारी थाने पहुंची युवती ने पुलिस को तहरीर दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति मंसूर अली, सास खैरूननिशा और ननद नाजरीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।