यूनियन बैंक की भरवारी शाखा में बुधवार को दो युवक पकड़े गए। इलाहाबाद के रहने वाले ये दोनों युवक फर्जी आईडी से बैंक में खाता खुलवाने की कोशिश कर रहे थे। शक होने पर शाखा प्रबंधक ने पुलिस को बुलाकर दोनों को सौंप दिया। दोनों शातिर युवकों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर पुलिस जांच में जुटी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों युवक किसी जीतेंद्र कुमार नाम के व्यक्ति का चेक भुनाने के लिए फर्जी काम कर रहे थे।
शाखा में बुधवार को दो युवक सुबह करीब 10 बजे से ही खाता खुलवाने के लिए परेशान थे। खाता खोलने का फार्म भरकर इन दोनों ने पहचानपत्र आदि भी नत्थी कर दी थी। इसी बीच शाखा प्रबंधक ने पहचानपत्रों की जांच की, तो उन्हें शक हुआ। दोनों युवकों को बुलाकर पूछताछ की। उनका शक गहरा गया। शाखा प्रबंधक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भरवारी चौकी पुलिस को बुलाया और दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने इन युवकों से पूछताछ की। युवकों में एक ने अपना नाम शेर अब्बास पुत्र रजी हसन और दूसरे ने सानू पुत्र नियाजुद्दीन निवासी दरियाबाद इलाहाबाद बताया। इनमें से शेर अब्बास तो जीतेंद्र कुमार बनकर फर्जी आईडी के आधार पर बैंक में खाता खुलवाने आया था। चौकी प्रभारी तपेश मिश्रा ने बताया कि युवक जीतेंद्र नाम के किसी व्यक्ति के नाम अपना खाता खुलवाने की कोशिश कर रहे थे। बताया कि इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।