जमीन की रंजिश में घर में घुसकर तोड़फोड़ और पूरे परिवार को पीटकर लहूलुहान करने वाले अब मुकदमे में सुलह का दबाव बना रहे हैं। इंकार पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। दबंग पड़ोसी की इस ज्यादती से सहमे भुक्तभोगी परिवार ने बुधवार को मंझनपुर आकर एसपी का घेराव किया। प्रार्थनापत्र देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी सोहनलाल का पड़ोसी से जमीन का विवाद काफी दिनों से चल रहा है। इसी पुरानी रंजिश में 8 दिन पहले पड़ोसी ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उसके घर में हमला कर दिया था। मकान में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर सोहनलाल के अलावा परिवार की सरिता देवी, अंजलि, विमला देवी, राधा देवी, सूरसती, नेहा आदि को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया था।
चीख-पुकार सुनकर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर पूरे परिवार को जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है। पर, अब तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। गिरफ्तारी नहीं किए जाने से बेखौफ घूम रहे हमलावर मुकदमे में सुलह का दबाव बना रहे हैं। इंकार करने पर पूरे परिवार को धमकियां दी जाती है। विपक्षी की जानलेवा धमकी से परिवार के लोग सहमे है। भुक्तभोगी ने बुधवार को मंझनपुर आकर पुलिस अधीक्षक को प्रकरण से अवगत कराया। उनसे पूरे परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने एसओ सरायअकिल को घटना की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।