स्थानीय बाजार से दुकान बंद कर निकले कारोबारी जिशान अहमद को बिन्नोई मोड़ के समीप बदमाशों ने तमंचा सटाकर लूट लिया। घटना ओवरटेक कर अंजाम दी गई। लगभग एक लाख रुपया व मोबाइल लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुरखास निवासी जिशान मोहम्मद पुत्र मोहम्मद सफी ने सरायअकिल बाजार में गिफ्ट सेंटर की दुकान खोल रखी है। सोमवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर जा रहा था। जैसे ही वह बिन्नोई मोड़ के समीप सूनसान इलाके में पहुंचा। पीछे से दो बाइक सवार चार लोग आए और तमंचा दिखाते हुए उसको रोक लिया। बाइक रुकते ही एक बदमाश ने उसको तमंचा सटा दिया। जेब व डिग्गी की तलाशी लेने के बाद सारा रुपया लूट कर बदमाश भाग निकले।
राहगीरों की मदद से जिशान ने घटना की जानकारी सरायअकिल थाने की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पूछतांछ के दौरान पीड़ित ने यह बताया कि आज ही उसको पचास हजार रुपया बकाया का मिला था। बाकी के रुपये उसके पास थे। सारा पैसा उसकी जेब में था। बदमाशों ने आते ही जेब खंगाला और रुपया लेकर चले गए, इसके अलावा उसका वह मोबाइल भी ले गए। घटना की जानकारी होने पर एसओ राकेश तिवारी हमराहियों के साथ पहुंचे। इलाके की घेराबंदी की गई। सीओ चायल भी वहां पहुंचे, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। एसओ राकेश तिवारी का कहना है कि घटना संदिग्ध है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।