पश्चिमशरीरा। एक ठेकेदार लापता चेक से दो शातिरों ने तीन किश्तों में करीब ढाई लाख रुपया पार कर दिया। मामले की जानकारी होने पर ठेकेदार ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली के सरपतही गांव निवासी वीरेंद्र सिंह ठेकेदारी करते हैं। वीरेंद्र अपनी पत्नी सुषमा सिंह का बैंक खाता इस्तेमाल करते हैं। कारोबार के चक्कर में वह अक्सर पत्नी से ब्लैंक चेक में हस्ताक्षर कराकर अपने पास रखते थे। कुछ दिन पहले चेक बुक गायब हो गई। काफी दिनों बाद जानकारी होने पर सुषमा ने बैंक में चेक बुक गायब होने की खबर दी। इस बीच दो अगस्त को सुषमा के खाते से तीन चेक के जरिए दो लाख 45 हजार 586 रुपया ट्रांसफर हो गया।
मोबाइल पर बैलेंस कटने की जानकारी होने पर दंपति के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की जानकारी बैंक को दी। पता चला कि भुगतान मंझनपुर कोतवाली के जनकपुर निवासी शिवराज सिंह और रमपुरवा थाना धाता जनपद फतेहपुर के लालसिंह के खाते में हुआ है। इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की तो सुषमा ने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।