बाजरे के खेत में मिली युवक की क्षत-विक्षत लाश
पूरामुफ्ती के महंगाव जीटी रोड के किनारे की घटना
लाश सड़ जाने की वजह नहीं हो सकी शिनाख्त
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पूरामुफ्ती के महंगाव के समीप बाजरे के खेत में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी है। लाश पूरी तरह से सड़ने की वजह से उसमें कीड़े पड़ चुके थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस की कोशिश के बाद भी लाश की पहचान नहीं हो सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
महंगाव निवासी बिल्लू यादव ने जीटी रोड से सैयद सरावां जाने वाले मार्ग पर स्थित खेत में बाजरा बो रखा है। यह खेत जीटी रोड से करीब 20 मीटर दूर है। सोमवार को बिल्लू मजदूरों के साथ बाजरा काटने गया तो बदबू से परेशान हो गया। उसे लगा शायद कोई जानवर मरा हुआ है। आशंकावश वह खेत के अंदर गया तो युवक की लाश देख परेशान रह गया। बिल्लू की सूचना पर इंस्पेक्टर पूरामुफ्ती प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। लाश बाहर निकलवाई गई। शव में कीड़े चल रहे थे। करीब 30 वर्षीय इस युवक के शरीर पर नीले रंग की जींस और काले रंग की शर्ट थी। कपड़ों की तलाशी में कुछ भी नहीं मिला, जिससे शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक की हत्या कैसे की गई। इसके बारे में भी जानकारी नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटना स्थल के समीप एक ईंट भट्ठा है। वहां के मजदूरों से भी बात किया गया लेकिन कोई कुछ नहीं बता सका। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।