सास-बहू को पीटते हुए कर दिया अधमरा
पड़ोसी के घर बरपा दबंगों का कहर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
सरायअकिल के रसूलपुर सुकवारा गांव में सोमवार की शाम दबंगों ने पड़ोसी के घर जमकर तांडव किया। घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए सास-बहू को पीटते हुए अधमरा कर दिया। मोहल्ले के अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पांच हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के रसूलपुर सुकवारा गांव की हर्षिता कुशवाहा पत्नी जितेश्वर ने बताया कि पड़ोसी से उसके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। इसी अदावत में सोमवार की शाम दबंगों ने घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर तोड़-फोड़ करने का विरोध करने पर हमलावरों ने उसके साथ सास को बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। सास-बहू को पिटता देख घर-परिवार के साथ मोहल्ले के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए पीड़िता की तहरीर पर हमलावर ज्ञान सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।