मंझनपुर। भरवारी चौकी इंचार्ज ने असदउल्लापुर रोही गांव के एक युवक को घर से पकड़कर तमंचा रखने के जुर्म में जेल भेज दिया। फर्जी कार्रवाई का आरोप लगाते हुए ग्रामीण बिफर पड़े। नाराज गांव वालों ने बुधवार को डीएम-एसपी के कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी ने सीओ सिराथू को प्रकरण की जांच सौंप दी है।
असदउल्लापुर रोही गांव की नईमा पत्नी स्व. रशीद अहमद ने बताया कि 30 दिसंबर को भरवारी चौकी प्रभारी उसके बेटे को घर से पकड़ ले गए। उस वक्त पूछने पर बताया कि चंदौली से वारंट आया है। बाद में तमंचा रखने के आरोप में जेल भेज दिया। विरोध करने पर अतीक के भाई को भी जेल भेजने की धमकी दी। पुलिस की इस दादागीरी से नाराज परिजन व ग्रामीण बुधवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने पहले कलक्ट्रेट फिर एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया।
अफसरों को शिकायती पत्र देकर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने सीओ सिराथू को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।