तालाब में नहाने गए बालक की डूबने से मौत
सरायअकिल के म्योहरिया गांव में बृहस्पतिवार सुबह की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। इलाके के म्योहरिया गांव में बृहस्पतिवार सुबह तालाब में नहाने गए सात वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शाम को परिजनों ने गांव में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
म्योहरिया गांव निवासी अरुण कुमार प्रजापति मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। अरुण ने बताया कि उसके घर के बगल में ही एक तालाब है। बृहस्पतिवार सुबह उसका बेटा संस्कार (7) खेलते-खेलते उसी तालाब में नहाने चला गया था। नहाने के दौरान ही वह गहरे पानी में डूब गया।
काफी देर तक उसका पता नहीं चलने पर उसकी खोजबीन शुरू की तो तालाब किनारे उसके कपड़े पड़े मिले। अनहोनी की आशंका पर तालाब में घुसकर तलाश करने पर उसका शव मिला। बालक की मौत से पीड़ित परिवार की रो-रोकर हालत खराब है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर औपचारिकताएं पूरी कीं । इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है,वह शव का पीएम भी नहीं कराना चाह रहे थे।