नगर कोतवाली के कोटिया का पूरा गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा रोकने पहुंचे लेखपाल के साथ प्रधान के पति व उसके बेटे ने बदसलूकी की। थप्पड़ मारने के साथ ही कनपटी पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंझनपुर तहसील के टेवां क्षेत्र में तैनात लेखपाल सौरभ कांत उपाध्याय ने बताया कि 22 सितंबर को वह क्षेत्र भ्रमण पर थे। इस बीच पता चला कि भरसवां गांव में ग्राम प्रधान के पति समर सिंह अपने बेटे नीरज सिंह के साथ ऊसर भूमि पर निर्माण कार्य करा रहा है। सूचना पर लेखपाल ने गांव पहुंचकर अवैध निर्माण पर रोक लगाते हुए चेताया कि पूर्व में दी गई हिदायत के बावजूद अनुपालन नहीं किया जा रहा है। यह बात पिता-पुत्र को नागवार लगी। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लेखपाल को थप्पड़ जड़ दिया। बेटे ने तमंचा निकालकर कनपटी पर सटाते हुए गोली मारने की धमकी दी। किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे लेखपाल ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। थानाध्यक्ष राजकिशोर ने बताया कि आरोपी पिता- पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर प्रकरण की छानबीन की जा रही है।