कस्बे के अमरदीप अस्पताल के पास सोमवार दोपहर चोरों ने पूर्व प्रधान की बाइक की डिक तोड़कर एक लाख की नकदी पार कर दी। अफजलपुरवारी गांव के पूर्व प्रधान अशफाक हुसैन घर से दो लाख रुपये लेकर निकले थे। सिराथू कस्बे स्थित पंजाब नेशनल बैंक में एक लाख रुपये जमा करने के बाद शेष राशि बाइक की डिकी में रख दी। इसके बाद वह अस्पताल के पास गाड़ी खड़ी कर निजी कार्य से अंदर चले गए। लौटने पर डिकी टूटी मिली और नकदी समेत कपड़े व दस्तावेज गायब थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटा ट्रक, चालक घायल
तहसील कार्यालय के पास लेदरी मार्ग पर सोमवार सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने गड्ढे में पलट गया। हादसे में रायबरेली के ऊंचाहार निवासी चालक संतोष कुमार घायल हो गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने चालक को सीएचसी में भर्ती कराया। ट्रक पलटने से दिनभर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर देर शाम प्रशासन ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर आवागमन बहाल कराया। ट्रक रायबरेली से प्लाई लेकर सतना (मध्य प्रदेश) जा रहा था।
भूमिधरी जमीन पर दरवाजा लगाने का आरोप
सिराथू तहसील के शाखा का मजरा राजा तारा गांव में खरीदी गई भूमि पर विपक्षी की ओर से दरवाजा लगाने पर विवाद हो गया है। पीड़ित उदय भान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने तीन साल पहले गुलाब सिंह से जमीन खरीदी थी। रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहने के दौरान पड़ोस के एक व्यक्ति ने जमीन के पिछले हिस्से में दरवाजा लगा लिया। विरोध करने पर विपक्षी ने उसकी मां कलावती व पत्नी सीता देवी को गालीगलौज और धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।